रायबरेली में अब कोटेदार भी बनाएंगे आयुष्मान कार्ड, लोगों को होगी सहूलियत

रायबरेली में अब कोटेदार भी बनाएंगे आयुष्मान कार्ड, लोगों को होगी सहूलियत

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)

मो-8573856824

रायबरेली : पूर्ति विभाग से जुड़े जनपद के 1133 कोटेदार अब आयुष्मान कार्ड भी बनाएंगे। इसके लिए सभी को आइडी पासवर्ड दिया जाएगा। जिला पूर्ति विभाग ने इसकी पूरी तैयारी कर ली है।

इसके तहत सभी कोटेदारों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

आयुष्मान योजना भारत सरकार की एक स्वास्थ्य योजना है, जिसे 2018 को जनपद में लागू किया गया था। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों (बीपीएल धारक) को स्वास्थ्य बीमा मुहैया कराना है। इसके अन्तर्गत आने वाले प्रत्येक परिवार को 5 लाख तक का कैश रहित स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले के 11 निजी व सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में आयुष्मान कार्ड धारकों को इलाज मुहैया कराया जा रहा है।

जिला पूर्ति अधिकारी, रायबरेली उबैर्दुरहमान ने बताया कि सभी कोटेदार आयुष्मान कार्ड बनाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग सभी कोटेदारों की आइडी बनाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड बनने वालों की सूची दी है। आइडी बनते ही आयुष्मान कार्ड बनने का काम शुरू हो जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग को जिले में 14,81,761 आयुष्मान कार्ड बनाने का लक्ष्य मिला था, लेकिन विभाग की सुस्त कार्यशैली से आठ वर्ष बाद भी अभी तक 9,02,444 आयुष्मान कार्ड ही बन पाए हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने इस काम के लिए अन्य कई विभागों का भी सहारा लिया।

गंभीर बात है कि विभाग की इस लचर व्यवस्था के चलते अभी भी करीब पांच लाख जरूरतमंद इस सुविधा से वंचित हैं। इससे साफ है कि विभाग सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना के प्रति गंभीर नही है। प्रशासन ने महत्वपूर्ण योजना को जिला पूर्ति विभाग के मातहतों के माध्यम से अमलीजामा पहनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

इसके लिए 1133 कोटेदारों की इस काम में लगाया गया है। सभी को इसका प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद कोटेदारों की आइडी पासवर्ड बनवाकर स्वास्थ्य विभाग उनको सौंपेगा। कोटेदार वितरण स्थल पर लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाएंगे। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने आयुष्मान कार्ड बनने वालों की सूची जिला पूर्ति विभाग को सौंप दी है।