457 करोड़ की बिक गई शराब; बीते वित्त वर्ष की तुलना में 71 करोड़ की अधिक सेल
रिपोर्ट-ओम द्विवेदी(बाबा)
मो-8573856824
रायबरेली-छह तहसीलों वाला एक ऐसा जनपद में जिसमें इस वित्तीय वर्ष के बीते दस महीनों में 8870 युवाओं ने रोजगार पाने के लिए सेवायोजन में पंजीकरण कराया। 3723 युवाओं ने सीएम युवा के तहत लोन लेने के लिए आवेदन किया, वहीं 92 हजार से अधिक लोगों ने पीएम आवास दिलाने की गुहार लगाई।
उसी जनपद में इस अवधि में अब तक शौकीनों ने शराब में करीब 457 करोड़ रुपये खर्च कर दिए हैं। ये आंकड़ा आबकारी विभाग को मिले पूरे साल के लक्ष्य के सापेक्ष 95 फीसद से ऊपर जा चुका है, जिसको लेकर विभाग के अधिकारी गदगद हैं।
जनपद में शराब की 501 दुकानें
जनपद में शराब की कुल 501 दुकानें हैं, इनमें देशी शराब की 314 व 177 कंपोजिट दुकानें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 10 माडल शाप भी खोले गए हैं। शासन से जनपद को इस वर्ष शराब बिक्री का 585.78 करोड़ रुपये का लक्ष्य मिला है।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार शराब के शौकीन अब तक करीब 828530 लीटर देशी, 333744 बोतल अंग्रेजी शराब व 446862 केन बीयर गटक चुके हैं, जिससे इस वित्तीय वर्ष के 10 महीने में विभाग 457.02 करोड़ रुपये की शराब बिक्री कर 95.38 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त कर चुका है। बीते वर्ष की बात की जाए तो इस अवधि में ये आंकड़ा 386.90 करोड़ था।
सिर्फ जनवरी माह की बात की जाए तो इस बार 41.68 करोड़ रुपये की शराब बिकी है, जबकि पिछले साल 38.02 करोड़ की शराब बिक्री हुई थी। ऐसे में बिक्री में उछाल को देखते हुए विभाग के अधिकारी भी प्रसन्न हैं। उनका कहना है कि वित्तीय वर्ष पूरा होने में दो माह का समय बाकी है, यदि बिक्री ऐसे ही रही तो लक्ष्य प्राप्त करने में आसानी होगी।
| शराब की दुकानें | संख्या |
|---|---|
| देशी | 314 |
| कंपोजिट (अंग्रेजी व बीयर) | 177 |
| माडल शाप | 10 |
| शराब बिक्री | रकम (करोड़) |
|---|---|
| 1 अप्रैल 2025 से 31 जनवरी 2026 | 457.02 |
| 1 अप्रैल 2024 से 31 जनवरी 2025 | 386.90 |
इस वित्तीय वर्ष में अब तक 828530 लीटर देशी, 333744 बोतल अंग्रेजी शराब व 446862 केन बीयर की बिक्री हुई है, जिससे विभाग को अब तक 457.02 करोड़ रुपये का राजस्व मिला है। - दिनेश कुमार, जिला आबकारी अधिकारी

rexpress 