अफसर को रंगेहाथ पकड़ने के लिए दिन भर क्रिकेट खेलती रही एंटी करप्शन की टीम, फिर ऐसे किया गिरफ्तार

अफसर को रंगेहाथ पकड़ने के लिए दिन भर क्रिकेट खेलती रही एंटी करप्शन की टीम, फिर ऐसे किया गिरफ्तार

-:विज्ञापन:-

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने घूसखोर राजस्व निरीक्षक राजित राम शर्मा को पांच हजार रुपए घूस लेते रंगे हाथ पकड़ कर अपनी गिरफ्त में ले लिया।मामला कादीपुर नगर क्षेत्र के निवासी शैलेन्द्र उपाध्याय पुत्र बृजेश उपाध्याय से हदबरारी की रिपोर्ट लगाने को लेकर था ।

शैलेंद्र उपाध्याय ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन अयोध्या इकाई को शिकायती पत्र देते हुए कहा था कि गाटा संख्या 31 रकबा 0.243 हेक्टेयर है। जिसकी हदबरारी के लिए धारा 24 उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता के अंतर्गत दिनांक 22/02/2023 को वाद दाखिल किया गया था। इसका निर्धारित शुल्क ₹1000 दिनांक 23/ 2/ 2023 को जमा कर दिया गया था। प्रार्थी अपने पिता एवं खातेदार की ओर से पैरवी कर रहा है।

हदबरारी के संबंध में राजस्व निरीक्षक राजित राम शर्मा से कहा गया, जिस पर काफी समय बीतने के बाद भी कानूनगो राजितराम शर्मा ने कोई कार्रवाई नहीं की। लगातार संपर्क करने पर राजस्व निरीक्षक ने ₹5000 रिश्वत देने को कहा । शैलेंद्र उपाध्याय की माने तो भ्रष्टाचार निवारण संगठन अयोध्या में शिकायत करने के लिए वह दो बार अयोध्या गये और वहां से आश्वासन मिला।

फिर एंटी करप्शन की टीम के द्वारा बताए गए तरीकों को अपनाते हुए लेखपाल कॉलोनी में दिन में 4:30 बजे शैलेंद्र उपाध्याय काम करवाने के लिए जैसे ही राजस्व निरीक्षक शिक्षक राजित राम शर्मा को रुपये देने लगे वैसे ही मौजूद एंटी करप्शन की टीम ने रंगे हाथों राजितराम शर्मा को पकड़ लिया और गाड़ी में बैठाकर दोस्तपुर थाने लेकर चले गए ।

दिन भर खेलते रहे क्रिकेट

एंटी करप्शन की टीम ने राजस्व निरीक्षक को रंगे हाथों पकड़वाने के लिए बहुत जाल बिछाया ‌। 12:30 बजे एंटी करप्शन की टीम जूनियर हाई स्कूल के मैदान में पहुंच गई। साथ ही क्रिकेट खेलने के लिए बल्ला और गेंद भी लेकर आए थे। दो गाड़ियों से आये एंटी करप्शन की टीम दिन भर वहां क्रिकेट खेलती रही। लगभग 4:30 बजे सुनियोजित समय पर जब शैलेंद्र घूस देने लगे तो एंटी करप्शन की टीम एकाएक रंगें हाथों पड़कर राजस्व निरीक्षक को गाड़ी में बैठा दोस्तपुर थाने ले चली।

नाटकीय अंदाज में पकड़ा गया राजस्व निरीक्षक

राजित राम शर्मा को पकड़ने के लिए एंटी करप्शन की टीम ने सुनियोजित तरीके से नोटों में पाउडर लगाया। 500 के 10 नोट शैलेंद्र उपाध्याय को उपलब्ध कराए गए। लाइव रिकॉर्डिंग भी हो रही थी। गाड़ी पर स्वास्थ्य विभाग का स्टीकर लगाया गया। नीली बत्ती हटाई गई।

कुल मिलाकर कादीपुर में लेखपाल और कानूनगो उग्र ना हो जाए इसलिए तुरंत राजितराम शर्मा को दोस्तपुर थाने ले जाकर लिखा पढ़ी की गई। जिम्मेदार बोलने से परहेज करते रहे। तहसीलदार मयंक मिश्रा ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। एंटी करप्शन की टीम ने राजितराम शर्मा को रंगे हाथों पकड़ा है। पूरी डिटेल मिल जाए तभी कुछ आगे और बता सकता हूं।