रायबरेली-एकतरफा चाहत ने किशोरी का कालेज जाना किया दुश्वार , भय के कारण घर में कैद होकर रह रही पीड़िता

रायबरेली-एकतरफा चाहत ने किशोरी का कालेज जाना किया दुश्वार , भय के कारण घर में कैद होकर रह रही पीड़िता

-:विज्ञापन:-

रिपोर्ट-सागर तिवारी

ऊंचाहार , रायबरेली - एक युवक ने गांव की एक किशोरी की एकतरफा चाहत में सारी हदें पार कर दी ,उसने किशोरी को आते जाते इतना परेशान किया कि उसने खुद को घर में कैद कर लिया है । भय के कारण किशोरी कालेज भी नहीं जा रही है । उसकी मां ने इसकी लिखित शिकायत कोतवाली में की है ।
       मामला कोतवाली क्षेत्र के रायबरेली प्रतापगढ़ सीमा पर स्थित एक गांव का है । गांव की रहने वाली किशोरी पास के एक कालेज में हाई स्कूल की छात्र है। गांव का युवक उसे काफी समय से परेशान कर रहा है ।किशोरी का कहना है कि आते-जाते रास्ते में वह उसके साथ छेड़छाड़ करता है और जबरन अपना मोबाइल नंबर देकर बात करने के लिए दबाव डालता है। किशोरी ने कई बार इसका प्रतिवाद किया। उसके परिजनों ने भी युवक को इस हरकत से बाज आने की चेतावनी दी। इसके बावजूद युवक किशोरी के पीछे पड़ा हुआ है। सोमवार को उसने गांव में ही एक दुकान से लौट रही किशोरी को पकड़ लिया और उसके साथ गाली गलौज भी की।  घर पहुंच कर किशोरी ने परिजनों को पूरी घटना बताई। उसके बाद कोतवाली पहुंची किशोरी की मां ने मामले की तहरीर दी है ।उसकी मां का कहना है कि उसकी पुत्री युवक की हरकत से इस कदर भयभीत है कि उसने खुद को घर में कैद कर लिया है। वह कॉलेज भी नहीं जा रही है। युवक की हरकत से पूरा परिवार परेशान है। कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि युवक की तलाश की जा रही है ।मामले में कार्रवाई की जाएगी।